विमान में बम की अफवाह के लिए इनफोसिस का इंजीनियर गिरफ्तार (लीड-1)
दरअसल, अभिषेक गुप्ता नामक यह सॉफ्टवेयर इंजीनियर गोरखनाथ एक्सप्रेस रेलगाड़ी से लखनऊ से दिल्ली आ रहा था। रेलगाड़ी को सुबह छह बजे दिल्ली स्टेशन पहुंचना था। उसके बाद उसे सुबह लगभग 8.45 बजे बेंगलुरू जाने वाली गो एयर की उड़ान पकड़नी थी, लेकिन गुप्ता की रेलगाड़ी विलंब से चल रही थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "गुप्ता ने गो एयर के काल सेंटर में फोन किया कि रेलगाड़ी के पहुंचने में देरी है, जिसके कारण वह समय से नहीं पहुंच सकता। उसने निवेदन किया कि उसकी यात्रा का समय बदल दिया जाए और उसे बेंगलुरू जाने वाली दूसरी उड़ान में भेज दिया जाए, लेकिन गो एयर की ओर से ऐसा करने से इंकार कर दिया गया।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "गुप्ता किसी भी हाल में बेंगलुरू पहुंचना चाहता था, लिहाजा उसने काल सेंटर को दोबारा फोन किया कि विमान में कोई संदिग्ध वस्तु रखी हुई है। ऐसा करने के पीछे उसने यह सोचा कि इससे उड़ान में थोड़ा विलंब होगा और वह हवाई अड्डे पर पहुंच कर उसी उड़ान को पकड़ लेगा।"
इस फोन के बाद गो एयर की उड़ान संख्या जी8201 के विमान को उतारकर यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ते ने विमान की तलाशी ली। लेकिन विमान में कुछ भी नहीं मिला।
पुलिस ने कहा कि इस बीच गुप्ता सुबह लगभग 9.30 बजे घरेलू हवाई अड्डे पर पहुंचा और उसने बोर्डिग पास मांगा।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "इससे कुछ संदेह हुआ। उसके बाद गुप्ता से पूछताछ की गई,तो उसने इस अफवाह को फैलाने की बात स्वीकार कर ली।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गुप्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की उपयुक्त धारा के तहत एक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications