पश्चिम बंगाल के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 30 थानों का होगा आधुनिकीकरण
प्रदेश के गृह सचिव अर्धेदु सेन ने संवाददाताओं से कहा, "सरकार ने पश्चिम मिदनापुर, बांकुरा और पुरुलिया जिले में स्थित 30 पुलिस थानों में सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता करने का फैसला किया है। यहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी और पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे कि वे भविष्य में नक्सलियों के हमले का मुकाबला कर सकें। "
उन्होंने कहा कि सरकार ने फैसला किया है कि इन थानों की सुरक्षा के लिए मजबूत दीवारें बनाई जाएगी।
सेन ने कहा कि तीनों जिलों के 30 पुलिस थानों की सरकार ने पहचान कर ली है और वहां तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने राइटर्स बिल्िंडग स्थित राज्य सचिवालय में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा की समीक्षा के लिए रविवार को एक आपात बैठक की।
इस बैठक में सेन के अलावा मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रवर्ती, पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह, कोलकाता पुलिस आयुक्त गौतम मोहन चक्रवर्ती, पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) सुरजीत कार पुरकायस्थ शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications