अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन दिल्ली का सबसे बड़ा मेट्रो स्टेशन होगा
राजधानी में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के समय अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन को नवंबर के मध्य में खोला जाएगा। अब तक के सबसे बड़े मेट्रो स्टेशन काश्मीरी गेट को पीछे छोड़कर अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन दिल्ली का सबसे बड़ा मेट्रो स्टेशन होगा।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया, "अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन अब तक का सबसे बड़ा मेट्रो स्टेशन होगा। यह मेट्रो स्टेशन छह मंजिला होगा जो जमीन से 16.5 मीटर और बेसमेंट से 21 मीटर ऊपर होगा। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन जमीन से 15 मीटर ऊपर है जो सबसे बड़ा मेट्रो स्टेशन है।"
अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन छह मंजिला होगा जिसमें सात स्वचालित सीढ़ियों और चार लिफ्टों का प्रयोग किया जाएगा।
गौरतलब है कि यमुना बैंक से नोएडा मेट्रो रूट पर बनने वाले इस मेट्रो स्टेशन के राष्ट्रमण्डल खेल गांव के नजदीक होने के कारण खेलों के दौरान यह स्टेशन काफी उपयोगी साबित होगा।
इस स्टेशन के सौंदर्यीकरण के बारे में अनुज दयाल ने कहा कि इस स्टेशन को अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा।
अनुज दयाल ने कहा ,"अक्षरधाम मंदिर की तरह ही मेट्रो स्टेशन को नया रूप देने के लिए इसमें धौलपुर के पत्थरों को लगाने का निर्णय दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने लिया है। नियमित आने जाने वाले लोग स्टेशन के इस शानदार स्वरूप का आनंद ले सकेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications