भारत-चीन सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमत: मनमोहन
हुआ हिन (थाइलैंड), 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को कहा कि भारत और चीन ने विवादित सीमा पर शांति और सद्भाव बरकरार रखने पर सहमति जताई है।
प्रधानमंत्री ने अपनी दो दिवसीय थाईलैंड यात्रा की समाप्ति पर पत्रकारों को बताया कि शनिवार को चीन के प्रधानमंत्री बेन जियाबाओ के साथ उनकी बातचीत रचानात्मक रही।
मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्होंने जियाबाओ के साथ शनिवार को द्विपक्षीय बातचीत के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि भारत और चीन सभी विवादित मुद्दों को आपस में बातचीत के माध्यम से सुलझाने पर सहमति जताई है।
मनमोहन सिंह ने कहा, "जब तक सीमा विवाद का समाधान नहीं हो जाता तब तक सीमा पर शांति और सद्भाव बनाए रखने की जरूरत है।"
मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्होंने जियाबाओ को बताया कि भारत दलाई लामा को सम्मानित अतिथि और एक धार्मिक नेता मानता है। लेकिन उन्होंने तिब्बती नेता की अगले माह प्रस्तावित अरूणाचल प्रदेश यात्रा पर कोई टिप्पणी नहीं की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications