पूर्व कृषि निदेशक की हत्या के आरोप में पुलिसकर्मी सहित 3 गिरफ्तार
गोरखपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक आनंद स्वरूप ने आईएएनएस को बताया कि शहर के रुस्तमपुर इलाके में रहने वाले सिक्किम के सेवानिवृत्त कृषि निदेशक प्रदुम्न सिंह (63) का गत दो अक्टूबर को अपहरण हो गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनके परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि सिंह का शव आज सुबह दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध छात्रावास के सेप्टी टैंक से बरामद किया गया।
आनंद ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के बाद सिंह के करीबी रश्तेदार शशिमौली जो सिविल लाइन थाने में सिपाही के पद पर तैनात है, को शक के आधार पर हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई जिसके बाद उसने कबूल कर लिया कि पैसों के लिए अपने दो साथियों (गुड्डू और करुणोंद्र) के साथ मिलकर पहले उसने प्रदुम्न सिंह का अपहरण किया और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
आनंद ने कहा कि तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सिक्किम के कृषि निदेशक के पद पर तैनात रहे प्रदुम्न सिंह दो साल पहले सेवानिवृत्त होकर परिवार के साथ रूस्तमपुर इलाके में रहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications