बुद्धदेब सिखाएंगे माओवादियों को सबक

बुद्धदेब सिखाएंगे माओवादियों को सबक

नितिन श्रीवास्तव

बीबीसी संवाददाता, दिल्ली

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने शनिवार को कड़े शब्दों में कहा है कि वो राज्य में सक्रिय माओवादियों को सबक सिखाकर रहेंगे.

बुद्धदेब भट्टाचार्य का कहना था की उनकी गृहमंत्री पी चिदंबरम से बातचीत हो चुकी है और राज्य सरकार ने माओवादियों के समक्ष समर्पण करने जैसा कोई कार्य नहीं किया है.

शनिवार को दिल्ली में एक प्रेसवार्ता में बुद्धदेब भट्टाचार्य ने खुलकर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए.

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा अपहृत पुलिस अधिकारी अतींद्रनाथ दत्त की रिहाई के बदले राज्य के लालगढ़ क्षेत्र में 14 आदिवासी महिलाओं को रिहा करने के फैसले को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा, "मामले पर गंभीरता से विचार किया गया था क्योंकि ये एक पुलिसवाले की ज़िन्दगी का सवाल था. मैं ये साफ़ कर देना चाहता हूँ कि ये फैसला असाधारण था. हमारा मिशन यही है कि अपने राज्य और संपूर्ण देश से माओवादियों को खत्म करें."

हालांकि शुक्रवार को ही केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम ने कहा था कि आदिवासी महिलाओं को एक पुलिसवाले के बदले रिहा करने का फैसला राज्य सरकार का ही था.

जब पत्रकरों ने बुद्धदेब भट्टाचार्य को इस बयान के बारे में याद दिलाया तो उनका जवाब था, "हमें माओवादियों के बारे में कोई भी ग़लतफ़हमी नहीं है. माओवादी हत्या करते हैं, लूटमार करते हैं और हर तरह की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं. हम उनके खिलाफ़ अपना अभियान जारी रखेंगे और इसी सिलसिले में मैंने गृहमंत्री से मुलाक़ात की और उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पूरी मदद का आश्वासन भी दिया है."

समर्पण नहीं, असाधारण फ़ैसला

पुलिस इंस्पेक्टर अतींद्रनाथ दत्ता का मंगलवार को उस वक़्त अपहरण कर लिया गया था, जब दर्ज़नों माओवादियों ने राज्य के संकरैल क़स्बे में एक बैंक और पुलिस थाने पर धावा बोल दिया था.

इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की मौत भी हुई थी. इसके बाद माओवादियों ने कहा था कि वो पुलिस इंस्पेक्टर को इस शर्त पर रिहा करेंगे कि सरकार जेल में बंद निर्दोष आदिवासी महिलाओं को रिहा करे.

यह मांग पूरी हो जाने के बाद अतिंद्रनाथ को रिहा कर दिया गया था.

बुद्धदेब भट्टाचार्य का इस पूरी घटना पर कहना था, " क्योंकि इस तरह की रिहाई पहले कभी नहीं हुई इसीलिए ये असाधारण है और हमें आगे भी इस बात को लेकर सजग रहने की ज़रुरत है ताकि इस तरह की स्थिथि दोबारा न उत्पन्न हो सके."

पत्रकारों के साथ बातचीत ख़त्म करते वक़्त बुद्धदेब भट्टाचार्य ने ये भी साफ़ किया कि पश्चिम बंगाल सरकार माओवादियों के आगे झुकेगी नहीं और उनके समक्ष समर्पण करने का प्रश्न ही नहीं उठता है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+