के. राधाकृष्णन होंगे इसरो के नए प्रमुख
त्रिशूर (केरल), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिरुवनंतपुरम में स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक के. राधाकृष्णन को शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का नया अध्यक्ष नामित किया गया है। के. राधाकृष्णन 31 अक्टूबर को वर्तमान अध्यक्ष जी. माधवन नायर का स्थान लेंगे।
राधाकृष्णन शनिवार की शाम गुरुवयूर स्थित प्रसिद्ध श्री कृष्ण मंदिर गए। राधाकृष्णन ने कहा कि उनकी नियुक्ति के संबंध में उन्हें नई दिल्ली से फोन पर जानकारी दी गई है। इसके बाद उन्होंने मंदिर के बोर्ड कार्यालय का फोन नंबर दिया जिस पर उन्हें नियुक्ति का फैक्स प्राप्त हुआ।
मंदिर में नियुक्ति पत्र मंगाने के संबंध में पूछे जाने पर राधाकृष्णन ने कहा, "धर्म और विज्ञान साथ-साथ चलते हैं। दोनों का मिलन बहुत सुखद होता है।"
राधाकृष्णन ने केरल विश्वविद्यालय से वर्ष 1970 में विद्युत यांत्रिकी में डिग्री हासिल की है। उन्होंने बेंगलुरू स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान से एमबीए भी किया है। उन्होंने खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है।
राधाकृष्णन ने वर्ष 1971 में इसरो में अपने करियर की शुरूआत की। वह वर्ष 2006 से अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग के संबंध में संयुक्त राष्ट्र समिति में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications