छठ व्रतियों ने दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य (राउंडअप)
दिल्ली, चंडीगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित कई प्रदेशों में पूजा को संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए यमुना नदी के 29 घाटों पर व्यवस्था की। यहां 15 लाख से अधिक लोगों के पूजा करने का अनुमान है। दिल्ली में लगभग 2,000 छठ पूजा समितियों ने पर्व संबंधी इंतजाम किए हैं। इसके अलावा दिल्ली से सटे गुड़गांव, गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा आदि इलाकों में भी लोगों ने छोटी नदियों व नहरों के किनारे अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा की।
बिहार में अस्त होते भगवान भास्कर को अघ्र्य देने के लिए पवित्र गंगा के तटों, तालाबों, कुओं पर छठ व्रती महिलाएं बड़ी संख्या में इकट्ठा हुईं। गंगा के तट पर हजारों महिलाओं ने छठ का पहला अघ्र्य दिया। इस दौरान पटना सहित बिहार के अन्य शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की लगभग सभी सड़कें छठ के गीतों से गुंजायमान होती रहीं।
छठ व्रत करने के लिए प्रसिद्घ सूर्यनगरी स्थल औरंगाबाद जिले के देव में भी हजारों छठ व्रतियों ने सूर्य भगवान को पहला अघ्र्य दिया और आर्शीवाद मांगा। इसके पूर्व सभी क्षेत्रों में छठ पूजा समितियों, नगर निगमों द्वारा घाटों, सड़कों और गलियों की साफ-सफाई की गई और पानी का छिड़काव किया गया। स्वयंसेवी संगठनों द्वारा कई स्थानों पर आकर्षक तोरणद्वार बनाए गए हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को एहतियात के तौर पर कई निर्देश दिए हैं।
चंडीगढ़ प्रशासन ने छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की है। पूजा के लिए सेक्टर 42 स्थित झील में विशेष घाट बनाया गया है, जहां इस बार लगभग 100,000 श्रद्धालुओं के इकट्ठा होने की संभावना है।
चंडीगढ़ प्रशासन के वित्त सचिव संजय कुमार ने कहा है, "मैंने शुक्रवार को घाट का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की है। अधिकारियों को पूजा स्थल पर सभी प्रकार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।" कुमार ने कहा कि पूजा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 'नहाय-खाय' से प्रारंभ छठ पर्व के दूसरे दिन 'खरना' किया जाता है। रविवार को उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही छठ पर्व संपन्न हो जाएगा।
भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को प्रदर्शित करने के लिए बिहार के कई मुसलमान भी हिंदुओं के साथ छठ पर्व में मना रहे हैं। छठ पर्व के लिए जहां कुछ मुसलमानों ने व्रत रखा है, वहीं कुछ अन्य मुसलमान नदियों, गलियों को स्वच्छ कर और पूजा के लिए नारियल, फल वितरित कर हिंदू भाइयों की मदद कर रहे हैं।
कई मुसलमानों ने श्रद्धालुओं के लिए अपने हाथों से मिट्टी के चूल्हे बनाए हैं। कुछ मुसलमानों ने छठ पूजा के लिए गरीब हिंदुओं के बीच फल और नए कपड़े वितरित किए हैं।
पटना से 10 किलोमीटर दूर फुलवारीशरीफ पुलिस स्टेशन के तहत बाखो की 30 वर्षीय निवासी तारा खातून लाखों हिंदू महिलाओं की तरह छठ पर्व मना रही हैं।
खातून के पति कल्लू बाखो छठ की परंपराओं के निर्वहन में उनकी मदद कर रहे हैं। खातून ने आईएएनएस से कहा, "मैं इस साल छठ मना रही हूं, क्योंकि पिछले साल छठ के अवसर पर नदी किनारे प्रार्थना करने पर मेरा इकलौता बेटा स्वस्थ हो गया था।" तारा खातून की तरह ही कई अन्य मुस्लिम महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ छठ पर्व मना रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications