अमेरिकी सेना में पहले सिख की भर्ती
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना ने पहली बार किसी ऐसे सिख को सेना में भर्ती होने की अनुमति दी है जिसने पगड़ी हटाने और बाल कटवाने की भर्ती की शर्त को पूरा करने से इंकार कर दिया था।
समुदाय के संगठन 'सिख कोएलेशन' ने कैप्टन कमलजीत सिंह कलसी को शुक्रवार को सेना में शामिल होने की अनुमति देने के कदम की प्रशंसा की लेकिन सेना की नीति में कोई बदलाव नहीं करने और केवल एक सिख के लिए नियम को ढीला करने पर चिंता जताई।
उल्लेखनीय है कि दंत चिकित्सक दो सिखों कैप्टन कमलजीत सिंह कलसी और तेजदीप सिंह रत्तन को सेना के 'हेल्थ प्रोफेशंस स्कॉलरशिप प्रोग्राम' के तहत कई वर्ष पहले नियुक्त किया गया था।
दोनों ने पगड़ी के साथ ही चार वर्ष का प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा किया और वर्दी के साथ सेना के समारोहों में शामिल हुए और सेना स्वास्थ्य विभाग में काम भी किया।
बहरहाल कार्यक्रम के पूरा होने के बाद उनसे कहा गया कि सक्रिय तैनाती के लिए उनको पगड़ी हटानी होगी और बाल कटवाने होंगे। तब उन्होंने अपनी धार्मिक पहचान छोड़ने की जगह सेना नेतृत्व के समक्ष सिखों को सेवा के बाहर रखने की नीति के खिलाफ अपील करने का रास्ता चुना।
शुक्रवार को सेना ने कैप्टन कलसी को सेना में शामिल होने की अनुमति दे दी और कैप्टन रत्तन की दंत चिकित्सक की डिग्री पूरी होने तक उनकी अपील स्थगित कर दी।
अमेरिकी कांग्रेस के कई प्रमुख सदस्य सेना को केवल कैप्टन कलसी ही नहीं वरन सभी सिखों को सेना में शामिल होने का अवसर देने को कह चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि अगस्त में हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के 43 और सीनेट के छह सदस्यों ने रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स को पत्र लिखकर सिखों को अमेरिकी सेना में शामिल होने की अनुमति देने को कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications