चीनी प्रधानमंत्री से मुलाकात से आरंभ होगा मनमोहन का व्यस्त दिन
हुआ हिन (थाईलैंड), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थाईलैंड में शनिवार को अपना व्यस्त दिन चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ मुलाकात से आरंभ करेंगे। इससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की उम्मीद की जा रही है।
जियाबाओ और सिंह स्थानीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे होटल दुस्ती थानी में मिलेंगे, जहां आसियान और पूर्वी एशियाई देशों का शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है।
भारतीय अधिकारियों ने कहा कि दोनों प्रधानमंत्री अपने देश के प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे। दोनों नेताओं की एक अलग बैठक से भी इंकार नहीं किया गया।
चीन के सहायक विदेश मंत्री हू झेनग्याओ ने कहा कि दोनों पक्ष आपसी चिंताओं पर अपने विचारों को एक दूसरे के सामने रखेंगे। यह स्पष्ट नहीं है कि जियाबाओ और सिंह की वार्ता कितने समय में समाप्त होगी। परंतु सिंह का दिन में 11.35 बजे जापान के प्रधानमंत्री युकियो हातोयामा के साथ द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा, प्रधान सचिव टी.के.ए.नायर और सचिव (पूर्व) एन.रवि वार्ता में प्रधानमंत्री का सहयोग करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications