अमेरिका में इस वर्ष 100 बैंक हुए दिवालिया
न्यूयार्क, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका में शुक्रवार को नियामकों द्वारा दो अन्य बैंकों का प्रबंध अपने हाथों में लेने के बाद इस वर्ष वहां दिवालिया होने वाले बैंकों की संख्या 101 हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार वर्ष 1930 की मंदी के बाद की सबसे बड़ी मंदी के नए शिकार फ्लोरिडा और जार्जिया के क्षेत्रीय बैंक हुए हैं।
कई बड़े निवेश बैंकों के दिवालिया होने के बाद फेडरल रिजर्व बैंक ने कई बैंकों को बचाने के लिए वित्तीय राहत पैकेज दिए। इसके बावजूद मंदी की चपेट में आने से 100 से अधिक छोटे, स्थानीय और क्षेत्रीय बैंक दिवालिया हुए।
दिवालिया होने वाला सौवां बैंक फ्लोरिडा के नेपल्स में स्थित 6.6 करोड़ डॉलर की संपत्ति मूल्य वाला पार्टनर्स बैंक है। अमेरिका में छोटी जमाओं के संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले 'फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कारपोरेशन (एफडीआईसी)' ने फ्लोरिडा के ही स्ट्रांगेट बैंक द्वारा पार्टनर्स बैंक के अधिग्रहण की घोषणा की।
जार्जिया स्थित 11.1 करोड़ डॉलर मूल्य संपत्ति वाले बैंक का अधिग्रहण जार्जिया के ही एमेरिज बैंक ने किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications