आतंकवादी हमलों से चिंतित हैं पाकिस्तानी ब्लॉगर

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में आतंकवादी इन दिनों सुरक्षा प्रतिष्ठानों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक को अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसे समय में पाकिस्तान के विभिन्न समाचार पत्रों के साथ-साथ ब्लॉग जगत भी आम लोगों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।

पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति पर 'चौरंगी डॉट कॉम' नामक ब्लॉग ने टिप्पणी की है। टिप्पणी में कहा गया है कि सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों को भी अब सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि आतंकवादी इन दिनों लगातार हमले कर रहे हैं। दक्षिणी वजीरिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटे सुरक्षाकर्मियों के बारे में ब्लॉग ने टिप्पणी की है, "अल्लाह इन सभी की हिफाजत करे।"

'लाहौर मैट ब्लॉग्स' ने टिप्पणी की है, "हां, यह सच है कि इस समय हम बेहद बुरे वक्त से गुजर रहे हैं। आतंकवादी हमें हर रोज अपना निशाना बना रहे हैं। हमें गर्व है तो केवल अपने सुरक्षा बलों पर, जो हमारे लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर रहे हैं। लाहौर, पेशावर, इस्लामाबाद जैसे शहर भी अब आतंकवादियों के निशाने पर हैं।"

'इस्लामाबाद ब्लॉग्स' ने टिप्पणी की है कि अब पाकिस्तान में सैन्य मुख्यालय भी सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों का क्या होगा। आतंकवादियों के बारे में ब्लॉग ने कहा, "आखिर दहशतगर्द क्या सोचकर ऐसे कदम उठाते होंगे? उन्हें निर्दोष लोगों की हत्या करने से क्या मिलता होगा?"

गुरुवार को इस्लामाबाद में सेना के वरिष्ठ अधिकारी ब्रिगेडियर मोइनुद्दीन अहमद की हत्या के संबंध में 'इस्लामाबाद ब्लॉग्स' ने टिप्पणी की है, "अहमद को निशाना इस वजह से बनाया गया क्योंकि वह आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई से जुड़े थे।"

उधर, कुछ ब्लॉग सरकार की यह कहकर आलोचना कर रहे हैं कि वह अपने नागरिकों की रक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। प्रमुख पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' के ब्लॉग पर इस संबंध में कई टिप्पणियां हैं। समाचार पत्र ने शुक्रवार को संपादकीय में भी कहा था कि पुलिस और सुरक्षा बल, नागरिकों की रक्षा में असफल साबित हो रहे हैं। समाचार पत्र के एक ब्लॉग ने टिप्पणी की है, "पाकिस्तान की जनता यह देख रही है कि किस प्रकार सरकार अपने कर्तव्यों के निर्वहन में नाकाम हो रही है।"

'द न्यूज' ने अपने एक अन्य ब्लॉग पर टिप्पणी की है, "आतंकवादियों का न कोई धर्म होता है और न ही उनका कोई संप्रदाय होता है। इन्हें जड़ से उखाड़ने के लिए पाकिस्तानी जनता को एकजुट होना होगा।"

पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को लेकर इन दिनों ब्लॉग जगत में इस प्रकार की खूब चर्चाएं हो रही हैं। विभिन्न ब्लॉगों पर लोग हर दिन पाकिस्तान की स्थिति पर अपने विचार प्रस्तुत कर रहे हैं, वहीं कुछ वीडियो और तस्वीरों के जरिए भी अपनी बात रख रहे हैं।

गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर को इस्लामाबाद स्थित संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम के दफ्तर को निशाना बनाने की घटना के बाद से अब तक पाकिस्तान में हुए आतंकवादी हमलों में 170 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+