शिव सेना व भाजपा विधायक दल के नेता का चयन सोमवार को
मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार पराजय का सामना करने के बाद शिव सेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक सोमवार को अलग-अलग बैठकें कर अपने-अपने नेता का चयन करेंगे।
शिव सेना प्रवक्ता नीलम गोरे ने आईएएनएस से कहा कि विधायकों की बैठक दोपहर में शिव सेना भवन में आयोजित की जाएगी।
राज्य में पराजय के बाद अब दोनों पार्टियों के बीच नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर विवाद शुरू हो गया है। यह पद कैबिनेट मंत्री के दर्जे का होता है।
भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कहा, "इस बार हमें ज्यादा सीटें मिली हैं, लिहाजा हम महसूस करते हैं कि नेता प्रतिपक्ष का पद भाजपा के पास आना चाहिए।"
तावड़े के सुर में सुर मिलाते हुए भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा, "यदि यह मामला संख्या पर निर्भर है तो हमारे पास शिव सेना के 44 विधायकों के मुकाबले 46 विधायक हैं। जिस पार्टी के पास ज्यादा सीटें होती हैं, नियमत: नेता प्रतिपक्ष के पद पर उसका दावा बनता है।"
गोरे ने कहा है कि इस मुद्दे पर दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं के बीच चर्चा की होगी।
गोरे ने कहा है कि गोपीनाथ मुंडे और नितिन गडकरी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने चुनाव परिणाम आने के बाद सेना नेताओं से बातचीत की है।
288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस को 81, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 63, भाजपा को 46 और शिव सेना को 44 सीटें प्राप्त हुई हैं। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को 13 सीटें मिली हैं। जबकि अन्य छोटी पार्टियों और निर्दलीयों ने कुल 41 सीटों पर विजय हासिल की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications