बाल ठाकरे ने किया भूमिपुत्रों से नाराजगी का इजहार
उन्होंने कहा, " हमने कहां गलत किया? हमारे अपराध क्या थे? हमने किसका नुकसान किया था? हम इस हार से स्तब्ध हैं।?
पार्टी के मुखपत्र सामना में लगातार दूसरे दिन चुनाव में पार्टी की हार के प्रति अपने दुख का इजहार करते हुए बाल ठाकरे ने संपादकीय में लिखा है कि 44 साल तक मराठियों के हित की लड़ाई लड़ने के बावजूद मराठियों ने शिवसेना ओर उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में जमीन पर पटक दिया।
ठाकरे ने कहा, "मराठियों ने उनके हित के लिए किए हमारे योगदान और काम को भुला दिया। उन्होंने हमें चुनाव में जमीन पर पटक दिया।"
मराठी लोगों के स्वाभिमान, गर्व और हितों के लिए शिवसेना के लगातार संघर्ष का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा कि यह रहस्य है कि लोगों ने शिवसेना-भाजपा गठबंधन को क्यों नजरअंदाज किया।
ठाकरे ने कहा," मराठा खास कर युवाओं ने हमें धोखा दिया है और यह पीड़ादायक है।"
उन्होंने इस बात का सिलसिलेवार तरीके से उल्लेख किया कि शिवसेना ने किस तरह से मराठों की सेवा की।
ठाकरे ने कहा, "जब वे नौकरी चाहते थे, दौड़ कर हमारे पास आते थे। जब वे स्कूल, कालेज में दाखिला चाहते थे, हमें याद करते थे। जब वे चिकित्या सहायता या सरकारी विभागों में सहायता चाहते थे, हमारे पास आते थे। हर समय हमने उनकी मदद की। लेकिन उसके बदले में हमें धोखा मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications