सहयोग बढ़ाने के लिए चीनी व आसियान नेताओं की बैठक
हुआ हिन (थाईलैंड), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीनी और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए शनिवार को यहां बैठक की।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अभिसित वेज्जाजीवा ने बैठक में कहा, "चीन इस क्षेत्र में आर्थिक व राजनीतिक स्थायित्व का एक अपरिहार्य स्तंभ बन गया है।"
वेज्जाजीवा ने कहा कि पड़ोसी देशों के साथ चीन के दोस्ताना संबंधों ने क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया है और एक विश्व समुदाय के विकास में योगदान किया है।
चीन आसियान का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेशक साझेदार है। आसियान के साथ इसका व्यापार वर्ष 2008 में इस समूह के कुल व्यापार का 10.6 प्रतिशत रहा है।
चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने यहां आयोजित आसियान से संबंधित कई अन्य बैठकों में हिस्सा लिया। वह शुक्रवार की देर शाम यहां पहुंचे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications