छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया
अस्त होते भगवान भास्कर को अघ्र्य देने के लिए पवित्र गंगा के तटों, तालाबों, कुओं पर छठ व्रती महिलाएं बड़ी संख्या में इकट्ठी हुईं। गंगा के तट पर हजारों महिलाओं ने छठ का पहला अघ्र्य दिया। इस दौरान पटना सहित बिहार के अन्य शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की लगभग सभी सड़कें छठ के गीतों से गुंजायमान होती रहीं।
छठ पर्व करने के लिए प्रसिद्घ सूर्यनगरी स्थल औरंगाबाद जिले के देव में भी हजारों छठ व्रतियों ने सूर्य भगवान को पहला अघ्र्य दिया और आर्शीवाद मांगा।
इसके पूर्व सभी क्षेत्रों में छठ पूजा समितियों, नगर निगमों द्वारा घाटों, सड़कों और गलियों की साफ-सफाई की गई और पानी का छिड़काव किया गया। स्वयंसेवी संगठनों द्वारा कई स्थानों पर तोरणद्वार भी बनाए गए।
उल्लेखनीय है कि 'नहाय-खाय' से प्रारंभ छठ पर्व के दूसरे दिन 'खरना' किया जाता है। रविवार को उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही छठ पर्व संपन्न हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications