अरूणाचल में दलाई लामा के स्वागत की तैयारियां जारी
तवांग (अरुणाचल प्रदेश), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन के कड़े विरोध के बाद भी अगले महीने अरुणाचल प्रदेश की यात्रा पर यहां आ रहे बौद्ध धार्मिक नेता दलाई लामा के स्वागत की तैयारियों में जुटे करीब 400 लामा तवांग मठ में हर रोज विशेष प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
तिब्बती नेता दलाई लामा चीन से लगे भारत के पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश के तवांग मठ में 8 नवम्बर को पहुंचेंगे।
वरिष्ठ बौद्ध धार्मिक नेता और राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे टी. जी. रिनपोचे ने आईएएनएस से कहा, "दलाई लामा के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। उनकी सुरक्षित और शांतिपूर्ण यात्रा के लिए करीब 400 लामा तवांग मठ में हर रोज प्रार्थनाएं कर रहे हैं।"
रिनपोचे ने कहा, "यह पूरी तरह से धार्मिक यात्रा होगी और तवांग मठ में अपने चार दिवसीय निवास के दौरान दलाई लामा अपने अनुयाइयों को धार्मिक उपदेश देंगे।"
दलाई लामा द्वारा तवांग में एक विशिष्ट अस्पताल के उद्घाटन की भी संभावना है। राजधानी ईटानगर छोड़ने से पहले वह बोमडील्ला और डीरेंग की भी यात्रा करेंगे। 15 नवंबर को उनकी यात्रा समाप्त होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications