नक्सलियों की रिहाई का मामला अपवाद : बुद्धदेब (लीड-1)
नई दिल्ली में शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिदंबरम से मुलाकात के बाद भट्टाचार्य ने संवाददाताओं से कहा, "यह निर्णय अपवाद था, जो मानवीय आधार पर लिया गया था।" उन्होंने कहा कि लालगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार दोपहर पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने नक्सली गतिविधियों में कथित रूप से शामिल 14 जनजातीय महिलाओं को जमानत दी थी, जिसके बाद नक्सलियों ने बंधक बनाए गए पुलिस अधिकारी अतींद्र नाथ दत्ता को मुक्त किया था। नक्सलियों ने दत्ता की रिहाई के बदले यह भी एक शर्त रखी थी। पुलिस ने इन 14 महिलाओं को लालगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
नक्सलियों ने दत्ता को मीडिया के समक्ष मुक्त किया था। नक्सलियों ने पश्चिमी मिदनापुर के संकरैल थाने पर हमला कर दत्ता को अगवा किया था।
भट्टाचार्य ने कहा, "हमने नक्सलियों के समक्ष समर्पण नहीं किया है। हम उनके खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।" उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने उन्हें नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में सभी प्रकार की सहायता देने का वादा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications