नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश की 22 वर्षीय छात्रा के साथ दिल्ली में दुर्व्यवहार के एक दिन बाद तक पुलिस उन स्कूली लड़कों की पहचान नहीं कर सकी है जो इस घटना में शामिल थे।
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ स्कूली लड़कों के एक समूह ने गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली स्थित न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के भारत नगर के सरकारी स्कूल में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। शुक्रवार को इसकी शिकायत दर्ज की गई थी।
दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वीरेंद्र सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हम घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक गुरुवार दोपहर जब वह रिक्शे से घर जा रही थी, तब रास्ते से गुजर रहे स्कूली लड़कों ने अभद्र टिप्पणियां कीं। जब छात्रा स्कूल में शिकायत करने पहुंची तो छात्रों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे जबरदस्ती स्कूल से बाहर कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications