तालिबान के करीब पहुंच रहे हैं सुरक्षा बल: सेना प्रमुख
इस्लामाबाद, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सुरक्षा बल अफगानिस्तान की सीमा से लगे दक्षिणी वजीरिस्तान में तालिबान के ठिकाने के करीब पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में तालिबान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बारे में जानकारी देते हुए सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी ने कहा कि सुरक्षाबल अपने लक्ष्य की ओर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेना प्रयास कर रही है कि अभियान में आम नागरिकों को कम से कम नुकसान हो।
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' के अनुसार प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व के बीच अप्रत्याशित सहयोग और समन्वय का खास तौर पर जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शामिल सभी एजेंसियों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
लघु और दीर्घकालिक आतंकवाद निरोधक उपायों की चर्चा करते हुए गिलानी ने दोहराया कि दक्षिण वजीरिस्तान में सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक तालिबानी आतंकवादियों का सफाया नहीं कर दिया जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications