डेंगू से बचाव की तैयारियां जारी
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। डेंगू से 15 वर्षीय किशोर की मृत्यु हो जाने के बाद दिल्ली सरकार ने जनता और सरकारी अधिकारियों से मच्छर-जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक उपाय अपनाने को कहा है।
दिल्ली स्वास्थ्य सचिव जे. पी. सिंह ने आईएएनएस से कहा, "राजधानी में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। करीब 60,000 मकानों में मच्छरों से बचाव के लिए स्प्रे किया गया है जबकि नगर निगम कर्मचारी लोगों के घरों में जा-जाकर वहां पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपाय कर रहे हैं।"
शुक्रवार को एक किशोर दिल्ली में डेंगू का पहला शिकार बना। कुछ दिन पहले ही उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दाखिल कराया गया था। दिल्ली में इस साल अब तक डेंगू के 186 मामले सामने आए हैं।
सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने एक अभियान शुरू किया है जिसमें लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा, "लोगों को अपने घरों के आस-पास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए और अपने संग्रह किया गया पानी ढककर रखना चाहिए ताकि मच्छरों के पैदा होने की जरा भी गुंजाइश न रहे। डेंगू से बचने के लिए उन्हें सभी संभव उपाय करने चाहिए।"
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने औचक निरीक्षण करने व मच्छरों के प्रजनन का पता चलने पर सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।
राजधानी में कई स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन का पता चलने पर नगर निगम अधिकारियों करीब 6,724 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications