मोबाइल पर मिल सकेगी बस की जानकारी
एडीलेड, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुनियाभर में लाखों लोग यात्रा के लिए प्रत्येक दिन बसों या रेलगाड़ियों का इंतजार करने को मजबूर होते हैं। बस और रेलगाड़ी के आपके स्टॉप तक पहुंचने की जानकारी अगर आपको अपने मोबाइल फोन पर मिलने तो कैसा रहे?
अब 'कार्नीज मीलन यूनिवर्सिटी' के 'एडीलेड कैम्पस' के भारतीय छात्रों सहित एक छात्र समूह ने एक नया तरीका खोजा है जिसके जरिए आपकी बस या रेलगाड़ी के आने का ठीक-ठीक समय बताया जा सकेगा।
फोन पर एसएमएस के माध्यम से 'सेंडोरा प्रोटोटाइप 1.0' तकनीक के जरिए बसों और रेलगाड़ियों की ताजा समय-सारिणी को देखकर और 'गूगल मैप' के जरिए वाहन की स्थिति देखकर बस व रेलगाड़ी के आने का ठीक समय पता लगाया जा सकेगा। प्रतीक्षारत यात्री वाहन स्टॉप पर बैठे-बैठे यह सूचना प्राप्त कर सकेंगे।
इस नई तकनीक को प्रयोग में लाने के लिए बसों और रेलगाड़ियों में 'जीपीएस-युक्त' उपकरण लगाना होगा। यह उपकरण वाहन के स्थान की नियमित सूचना एक सर्वर तक पहुंचाता रहेगा। इस सूचना की वाहन की वास्तविक समय-सारिणी से तुलना कर उसके आने का ठीक समय ज्ञात किया जा सकेगा।
सेंडोरा दल के प्रमुख फिल एलन ने आईएएनएस को बताया कि यह तकनीक किफायती है और इसका समय प्रबंधन उपकरण की तरह उपयोग करके प्रतीक्षा में बेकार होने वाले समय को बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस उपकरण से बिना अधिक खर्च के मोबाइल फोन या इंटरनेट पर सूचना प्राप्त की जा सकती है।
1994 में बीकानेर (राजस्थान) से ऑस्ट्रेलिया जाकर बस गए अखिलेश हर्ष ने आईएएनएस से कहा, "दिल्ली में 2010 में राष्ट्रमंडल खेल होने जा रहे हैं। ऐसे में यदि सरकारी व निजी कंपनियां सेंडोरा तकनीक का इस्तेमाल करती हैं तो उन्हें शहर के यातायात को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी। इस विश्वस्तरीय यातायात नियंत्रण तकनीक के इस्तेमाल से सड़कों पर वाहनों की दुर्घटनाएं रोकने में भी मदद मिलेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications