यूपी: श्रावस्ती में सांप्रदायिक तनाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक धार्मिक स्थान पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई शरारत के कारण एक खास समुदाय के लोग भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और श्रावस्ती-बहराइच सड़क मार्ग जाम कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है।
यह घटना जिले के खलीफतपुर कस्बे की है। शुक्रवार सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने अपनी शरारत से एक खास समुदाय के लोगों को आक्रोशित करने को मजबूर कर दिया। गुस्साये लोगों ने सुबह श्रावस्ती-बहराइच मार्ग जाम कर कुछ वाहनों पर पथराव भी किया।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जिले के पुलिस अधीक्षक सुभाष दुबे ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दुबे के मुताबिक लोगों को समझ्झाबुझाकर शांत कर लिया गया है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में, लेकिन तनावपूर्ण है। कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications