श्रावस्ती में शांति भंग करने के आरोप में 14 के खिलाफ मामला दर्ज (लीड-1)
यह घटना जिले के खलीफतपुर कस्बे की है। शुक्रवार सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने अपनी शरारत से एक खास समुदाय के लोगों को भड़काने की कोशिश की। गुस्साए लोगों ने सुबह श्रावस्ती-बहराइच मार्ग जाम कर कुछ वाहनों पर पथराव भी किया।
जिले के पुलिस अधीक्षक सुभाष दुबे ने आईएएनएस को बताया कि शांति भंग करने के आरोप में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए अगल-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला कि गांव के कुछ लोगों का एक समुदाय विशेष के लोगों के साथ विवाद था। इसी को लेकर उन्होंने उस समुदाय विशेष के एक धार्मिक स्थल परिसर में मांस के टुकड़े फेंककर शांतिभंग करने का प्रयास किया।
दुबे ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई होगी।
दुबे के मुताबिक गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर शांत कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में, लेकिन तनावपूर्ण है। कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications