पाक में सिलसिलेवार विस्फोट में 25 मरे, 27 घायल (लीड-3)
अटक जिले में बारुदी सुरंग विस्फोट और वायु सेना के एक ठिकाने के निकट एक आत्मघाती बम हमले में 25 लोग मारे गए, जबकि पेशावर में एक रेस्तरां के बाहर हुए विस्फोट में आठ लोग घायल हो गए। पाकिस्तान में ये विस्फोट उस वक्त हुए हैं जब सेना दक्षिणी वजीरिस्तान में तालिबान के गढ़ पर हमला बोल रही है।
मोहमंद एजेंसी इलाके में एक बस को निशाना बनाकर किए गए बारुदी सुरंग विस्फोट में 18 लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
दूसरी ओर कामरा में 'एयरोनॉटिकल कांप्लेक्स' के निकट एक सुरक्षा चौकी पर साइकिल पर सवार होकर आए एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। कामरा का यह एयरोनॉटिकल कांप्लेक्स वायुसेना का प्रमुख ठिकाना है।
एक पुलिस अधिकारी ने जियो टीवी को बताया कि हमले में दो सुरक्षाकर्मियों सहित सात लोग मारे गए। घायलों को अटक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेशावर के रिहायशी इलाके हयाताबाद में भी शुक्रवार को विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने 'डॉन न्यूज' को बताया कि धमाके की आवाज शहर में लोकप्रिय स्वान रेस्तरां के सामने सुनी गई।
विस्फोट में रेस्तरां की बाहरी दीवार नष्ट हो गई और घटनास्थल पर एक कार के हिस्से बिखरे मिले। आशंका है कि स्यह हमला विस्फोटकों से लदी कार से किया गया। पुलिस ने बताया कि इस विस्फोट में कम से कम आठ लोग घायल हो गए।
पाकिस्तान में इन दिनों लगातार आतंकवादी हमले हो रहे हैं। गुरुवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना के ब्रिगेडियर मोइनुद्दीन अहमद की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम के दफ्तर को निशाना बनाने की घटना के बाद से अब तक पाकिस्तान में हुई आतंकवादी हिंसा में 170 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications