असम में 2 बोडो आतंकवादी मारे गए
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोकराझार जिले में सिंगिमारी इलाके के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और एनडीएफबी आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई।
यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अपहृत सिविल इंजीनियर पी. कृष्ण राव की ढूंढ़ने के लिए चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान हुई। उल्लेखनीय है कि एक राजमार्ग के निर्माणकार्य में शामिल राव को आतंकवादियों ने विगत 16 अक्टूबर को कोकराझार के जोयपुर इलाके से बंधक बना लिया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा दल अपहृत इंजीनियर की तलाश में था तभी एनडीएफबी आतंकवादियों ने हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए।"
अधिकारी ने कहा, "हमें राव के बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है। अपहर्ताओं की ओर से अब तक किसी फिरौती की मांग भी नहीं की गई है। हम हर संभावित स्थान पर अपना खोजी अभियान चला रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications