नागरिकों की रक्षा करने में असफल पाक सरकार: मीडिया
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' ने इस संबंध में संपादकीय लिखा है। समाचार पत्र ने कहा है कि पुलिस और सुरक्षा बल, नागरिकों की रक्षा में असफल साबित हो रहे हैं।
समाचार पत्र ने कहा कि पाकिस्तान की जनता यह देख रही है कि किस प्रकार सरकार अपने कर्तव्यों के निर्वहन में नाकाम हो रही है।
उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने सेना के वरिष्ठ अधिकारी ब्रिगेडियर मोइनुद्दीन अहमद की हत्या कर दी थी। उन पर हमला उस वक्त किया गया था जब वह घर लौट रहे थे।
समाचार पत्र ने कहा है कि अहमद को निशाना इस वजह से बनाया गया क्योंकि वह आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई से जुड़े थे।
'द न्यूज' ने संपादकीय में कहा है कि आतंकवादी हमलों की वजह से देश की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है और आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर सहमे हुए हैं।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद में विश्वविद्यालय में हुए हमले के बाद मंगलवार से सरकार ने देश भर में शिक्षक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया था।
एक अन्य समाचार पत्र 'डॉन' ने भी देश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जाहिर की है। समाचार पत्र ने कहा है कि हाल ही में लाहौर में हुए आतंकवादी हमलों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
डॉन ने कहा, "सिनेमा घरों में दर्शकों की संख्या में 80 फीसदी की कमी आई है। व्यवसायिक थिएटर भी हमलों से प्रभावित हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications