कश्मीरी कभी देश नहीं छोड़ेंगे: फारुक अब्दुल्ला
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि देश को कश्मीरियों पर संदेह नहीं करना चाहिए और उसे यह सोचना बंद कर देना चाहिए कि कश्मीरी कभी देश छोड़ देंगे।
अब्दुल्ला ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "कश्मीर हमेशा देश का हिस्सा बना रहेगा और कश्मीरी कभी देश नहीं छोड़ेंगे। आपको हम पर संदेह नहीं करना चाहिए। देश को यह सोचना बंद कर देना चाहिए कि कश्मीरी देश छोड़ देंगे।"
अब्दुला ने कहा कि कश्मीर मसले का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से निकालना चाहिए। जम्मू एवं कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेस के अध्यक्ष अब्दुल्ला ने कहा, "मैं एक मुस्लिम हूं। मैं एक कश्मीरी हूं और भारत का नागरिक होने पर मुझे गर्व है।"
अब्दुल्ला ने राज्य में अलगाववादियों के साथ बातचीत बहाल करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने पिछले हफ्ते कश्मीर में कहा था कि केंद्र सरकार राज्य की समस्याओं के समाधान के लिए 'मौन कूटनीति' पर काम कर रही है।
पाकिस्तान के मौजूदा हालात पर अब्दुल्ला ने कहा, "हम आपसे (पाकिस्तान) घृणा नहीं करते हैं। हमें दुख हैं कि अभी पाकिस्तान में क्या हो रहा है। हम आपसे मैत्री चाहते हैं लेकिन कृपया हमें खुशी से रहने दें।"
अब्दुल्ला ने विभिन्न दलों के नेताओं से आग्रह किया कि वे धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ें। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में मतदाताओं से धर्म के नाम पर वोट मांगा जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications