ईवीएम पर बयान देकर पलट गए नकवी
महाराष्ट्र, हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को जारी वोटों की गिनती के दौरान नकवी का यह बयान आया, वह भी उस समय जब रुझान कांग्रेस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलने का संकेत दे रहे थे।
नकवी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "ईवीएम कांग्रेस के लिए इलेक्ट्रॉनिक विक्ट्री मशीन साबित हो रही है।"
उन्होंने कहा, "मतदान के दौरान हमारे पास ऐसी शिकायतें आईं कि महाराष्ट्र और हरियाणा के कुछ मतदान केंद्रों पर एक घंटे में 600 से अधिक मत पड़े। यह असंभव है।"
नकवी हालांकि थोड़ी देर बाद ही इस बयान से पलट गए। उन्होंने फिर से संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैंने पहले जो बयान दिया था उसे इस रूप में दिखाया जा रहा है कि पार्टी ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा है। मेरे कहने का यह तात्पर्य नहीं था।"
उन्होंने कहा, "पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी। रही बात ईवीएम की यह तो मुद्दा हमने पहले भी उठाया और फिर उठाएंगे लेकिन आज ईवीएम मुद्दा नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications