पंचायत के फरमान पर दुष्कर्म पीड़िता का हुआ आरोपी से निकाह
यह घटना इलाहाबाद जिले के झ्झूसी इलाके के पकरीना गांव की है। यहीं के निवासी इश्तियाक अहमद (21) ने बीते मंगलवार को गांव की ही एक युवती से कथित तौर पर बलात्कार किया। यह मामला पंचायत के सामने लाया गया, जिसके बाद बुधवार शाम को पंचायत ने सजा के तौर पर आरोपी को पीड़िता से निकाह करने का फैसला सुनाया। भरी पंचायत में सबके सामने दोनों का निकाह हुआ।
इस गांव के निवासी कलीम ने आईएएनएस को बताया कि पहले तो आरोपी निकाह करने के लिए मुकर रहा था, लेकिन पंचायत ने कहा कि अगर उसने पीड़िता से निकाह नहीं किया तो उसे परिवार सहित गांव से बाहर निकाल दिया जाएगा और साथ ही 15 हजार रुपये का जुर्माना भुगतना होगा। यह सुनकर वह निकाह के लिए राजी हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत ने पीड़िता से कहा कि अगर उसका पति उससे सही ढंग से पेश न आए तो वह पंचायत के समक्ष आकर पति की शिकायत कर सकती है। इसके बाद पंचायत जरूरी कार्रवाई करेगी।
उधर, स्थानीय थाना-प्रभारी एस.के. दुबे ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "मामला आज सुबह हमारे संज्ञान में आया। हम पीड़िता और उसके परिजनों से जाकर मिलेंगे। अगर वह आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराएंगे तो उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications