महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : पवार ने जीत का श्रेय कांग्रेसी नीतियों को दिया
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का फैसला कांग्रेस द्वारा लिया जाएगा और वह इस मामले में अपनी पार्टी की ओर से किसी तरह की समस्या नहीं खड़ी करना चाहते।
पवार ने कहा कि गठबंधन ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। पवार ने यहां अपने आवास में संवाददाताओं को बताया, "कांग्रेस और राकांपा बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में तो लोगों की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही है। हमें उम्मीद से ज्यादा प्रतिक्रिया मिली है।"
उन्होंने जीत का श्रेय केंद्र में कांग्रेस की नीतियों को देते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस की नीतियों को महाराष्ट्र सरकार ने क्रियान्वित किया जिसे मतदाताओं ने सराहा।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनकी अपनी पार्टी का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है और जिन आलोचकों का कहना था कि पार्टी अच्छा प्रदर्शन नहीं करेगी, वे गलत साबित हुए।
राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में राकांपा-कांग्रेस गठबंधन 135 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) द्वारा शिवसेना-भाजपा गठबंधन को नुकसान पहुंचाने के बारे में पवार ने कहा, "हमें उम्मीद थी कि वे 10-12 सीटें जीतेंगे।"
पवार ने सेवानिवृत्ति के विकल्प को सही ठहराते हुए कहा कि उनकी पार्टी युवाओं को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा, "नए नेतृत्व को प्रोत्साहन देना हमारी पीढ़ी का दायित्व है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications