मथुरा रेल दुर्घटना में गोवा एक्सप्रेस के चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी.डी.पॉल्सन ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि गोवा एक्सप्रेस के चालक आर.के.चतुर्वेदी के खिलाफ शहर के हाईवे थाने में ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।
घटना की जांच कर रहे उत्तर-पूर्व रेलवे (लखनऊ) के रेल संरक्षा आयुक्त पी.के.वाजपेई ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली।
सूत्रों के मुताबिक वाजपेई ने गोवा एक्सप्रेस के चालक चतुर्वेदी से पूछताछ भी की।
गौरतलब है कि बुधवार तड़के मथुरा से बाजना पुल के निकट मेवाड़ एक्सप्रेस को गोवा एक्सप्रेस ने पीछे से टक्कर मार दी जिसमें 22 यात्रियों की मौत हो गई थी।
बताया जा रहा है कि साजिद उर्फ मुन्ना नाम के एक अपराधी को राजस्थान के कोटा से दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। मथुरा के पहले यह अपराधी धीमी गति से चल रही गाड़ी से कूदकर फरार हो गया। उसको पकड़ने की कोशिश में पुलिस वालों ने चेन खींची। जिससे मेवाड़ एक्सप्रेस रुक गई और रुकी रेलगाड़ी को गोवा संपर्क क्रांति ने पीछे से टक्कर मार दी।
तीनों सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पॉल्सन ने बताया कि तीनों सिपाहियों धीरेंद्र कुमार, अशोक कुमार और जितेंद्र की लापरवाही से कैदी साजिद फरार हुआ।
उन्होंने कहा कि कोटा पुलिस अधीक्षक ने तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications