इस्लामाबाद में सैन्य अधिकारी सहित 2 की हत्या (लीड-2)
सैन्य अभियान के पूर्व उपमहानिदेशक ब्रिगेडियर मोइनुद्दीन अहमद को बंदूकधारियों ने सुबह 8.30 बजे उनकी जीप में गोलियों से भून डाला।
एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए बंदूकधारियों ने अहमद पर हमला उस समय किया, जब उनकी जीप जी-11 सेक्टर से गुजर रही थी। इस इलाके में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का निवास है। हमले में जीप का चालक भी मारा गया।
जियो टीवी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से खबर दी है कि हमलावरों की उम्र 22 से 25 के बीच रही होगी। हमले को अंजाम देने के बाद वे घटनास्थल से फरार हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ब्रिगेडियर अहमद पाकिस्तान दौरे पर आए हुए थे और शुक्रवार को वापस संयुक्त राष्ट्र मिशन के लिए सूडान लौटने वाले थे।
हमले के थोड़ी देर बाद सेक्टर-8 स्थित जिला अदालत में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था। कुछ व्यक्तियों ने दावा किया कि उन्होंने गोलीबारी की आवाज सुनी।
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि बम निरोधी दस्ते और विशेष बल ने पूरे इलाके की तलाशी ली है।
पूर्व में आई एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि एक आत्मघाती हमलावर चादर ओढ़े गुरुवार को अदालत पहुंचा था। परंतु इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि इस्लामाबाद में बीते मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय इस्लामी विश्वविद्यालय में हुए दो आत्मघाती हमलों में सात लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications