हरियाणा में कांग्रेस ही सरकार बनाएगी : हुड्डा
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "चुनाव परिणामों से नर्वस होने का सवाल ही पैदा नहीं होता। हमें पूरा विश्वास है कि हम अगली सरकार बनाएंगे।"
चुनाव जीते निर्दलीय उम्मीदवारों से हाथ मिलाने के बारे में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में यदि किसी को भी विश्वास है तो वह हमारे साथ आ सकता है।"
निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 90 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 40 सीटों पर जीत मिली है। सरकार बनाने के लिए 46 सीटें जरूरी है। प्रमुख विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) 31 सीटें जीतने में सफल रहा है।
हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) छह सीटें और भाजपा चार सीटें जीतने में सफल रही है। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक-एक सीट पर कब्जा जमाया है। अन्य सात सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
यदि कांग्रेस यहां सरकार बनाने में सफल रहती है तो यह राज्य के इतिहास में पहला मौका होगा जब किसी सत्ताधारी दल की चुनाव के बाद दोबारा ताजपोशी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications