अरूणाचल विधानसभा चुनाव : कांग्रेस को मिला स्पष्ट बहुमत (लीड-2)
अब तक 46 सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इनमें से कांग्रेस को 33, तृणमूल कांग्रेस को चार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को तीन, भारतीय जनता पार्टी को दो तथा चार सीटें निर्दलीयों और क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों को मिली हैं।
ताजा रूझानों के मुताबिक कांग्रेस चार और सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू ने आईएएनएस से कहा, "यह राज्य के चहुंमुखी विकास के साथ ही अच्छे शासन और स्थायित्व की जीत है। हम राज्य की जनता को धन्यवाद देते हैं, जिसने हमें राज्य में शासन के लिए एक और मौका प्रदान किया है।"
राज्य में कुल 57 सीटों के लिए चुनाव हुए थे। तीन प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए थे।
खांडू और कांग्रेस के दो अन्य उम्मीदवारोंे को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। ये दोनों उम्मीदवार हैं तवांग सीट से वर्तमान विधायक तेवांग धोंदुप और लुमला सीट से पहली बार चुनाव मैदान में उतरे जाम्बे ताशी।
खांडू तावांग जिले की मुक्तो सीट से निर्वाचित घोषित किए गए हैं। यह क्षेत्र चीन की सीमा से लगा हुआ है।
बाकी सीटों के लिए 13 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इसमें 750,000 मतदाताओं में से 72 फीसदी ने मतदान किया था। राज्य में कुल 154 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे। राकांपा ने 36 प्रत्याशी मैदान में उतारे थे, जबकि भाजपा ने 22 और तृणमूल कांग्रेस ने 28 उम्मीदवार खड़े किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications