पाकिस्तान ने भारत से कहा, हम कमजोर नहीं
बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा भारत हर तीसरे महीने हमले की धमकी देता है। उन्होंने कहा, "हम परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं और हम कमजोर नहीं हैं। हमें मालूम है कि कैसे जवाब दिया जाता है।"
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। मुंबई में पिछले वर्ष हुए आतंकवादी हमलों के संबंध में मलिक ने कहा कि भारत को इसके संबंध नए साक्ष्य मुहैया कराने चाहिए ताकि पाकिस्तान इस संबंध में कार्रवाई कर सके।
मलिक ने कहा, "मैंने भारतीय प्रधानमंत्री से कहा है कि यदि उनके पास मुंबई हमले जैसी घटनाओं के बारे में और सूचनाएं हैं तो वह इसे पाकिस्तान के साथ बांटे। हम ऐसी सूचनाओं पर नजर रखेंगे और 48 घंटे में उत्तर देंगे, लेकिन यदि भारत हमारे साथ सूचनाएं नहीं बांटता है तो ऐसी किसी भी घटना के लिए वह खुद जिम्मेदार होगा।"
मलिक ने कहा कि यदि लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक हाफिज सईद दोषी पाया जाता है तो पाकिस्तान उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई करेगा।
उल्लेखनीय है कि भारत का कहना है कि मुंबई हमले का षड्यंत्र सईद ने ही रचा था।
मलिक ने एक बार बलूचिस्तान मसले पर भारत को निशाना बनाया। उन्होंने कहा, "मैं फिर कहता हूं कि बलूचिस्तान में भारत की संलिप्तता है। हमारे पास इसके प्रमाण हैं। यदि भारत हमारे साथ इस संबंध में बात करेगा तो हम उसके साथ सूचनाएं बांटेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications