स्वाइन फ्लू से हुई मौत से पंजाब में विवाद
मोहाली (पंजाब), 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में मोहाली के एक अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित 48 वर्षीय महिला की मौत ने एक विवाद को जन्म दे दिया है। यह जानकारी गुरुवार को एक अधिकारी ने दी। महिला की मौत ने उसके इलाज में अस्पताल कर्मचारियों द्वारा बरती गई प्रक्रियागत अनियमितताओं की ओर संकेत किया है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन की रहने वाली वीनू गुप्ता में एच1एन1 वायरस के संक्रमण के लक्षण दिखने पर उन्हें 18 अक्टूबर को सिल्वर ओक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित महिला की मृत्यु पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए अस्पताल कर्मचारियों ने मोहाली के जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) को लिखित जवाब भेजा है।
पंजाब में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी दीपक भाटिया ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "मुझे जानकारी मिली है कि अस्पताल के अधिकारियों ने स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक महिला की मृत्यु पर डीएचओ को लिखित जवाब भेजा है।"
उन्होंने कहा, "कुछ रिपोर्टों के मुताबिक अस्पताल ने कुछ अनियमितताएं बरती थीं। इनमें संबद्ध अधिकारी को जानकारी न दिया जाना भी शामिल है। आज मैं स्वयं इस रिपोर्ट को पढ़ूंगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की योजना बनेगी।"
अस्पताल सूत्रों का कहना है कि चिकित्सकों स्वाइन फ्लू का इलाज करने की बजाए महिला का फेंफड़ों में संक्रमण का इलाज कर रहे थे। मरीज के नमूनों को जांच के लिए भेजने से पहले न तो उसे एक अलग कक्ष में रखा गया था और न ही इसके संबंध में डीएचओ को जानकारी दी गई थी।
भाटिया ने कहा, "हम इस संबंध में सरकार को भी जानकारी देंगे। यदि जांच में अस्पताल कर्मचारियों को दोषी पाया जाता है तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications