नेपाल का सीरियाई कलाकार को वीजा देने से इंकार
काठमांडू, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेपाल सरकार ने अगले सप्ताह से शुरू होने जा रहे प्रथम अंतर्राष्ट्रीय कला महोत्सव में शामिल होने की इच्छुक सीरिया की एक जानी-मानी कलाकार को वीजा देने से इंकार कर दिया है।
26 वर्षीय इस सीरियाई कलाकार रांडा मदाह ने इजरायली नागरिकता लेने से इंकार कर दिया था और वह फिलीस्तीन के रामल्ला में काम करती हैं। तेल अवीव स्थित नेपाली दूतावास ने पासपोर्ट न होने और यात्रा संबंधी दस्तावेजों में उन्हें किसी देश का नागरिक न बताए जाने को आधार बनाकर उन्हें वीजा देने से मना कर दिया है।
मदाह मध्य-पूर्व की एक उभरती हुई कलाकार हैं। ब्रिटेन की संस्था 'कत्तन फाउंडेशन' ने उन्हें पिछले वर्ष 'यंग आर्टिस्ट ऑफ द ईयर' घोषित किया था।
उन्होंने 30 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे पहले 'काठमांडू अंतर्राष्ट्रीय कला महोत्सव' में शामिल होने के लिए अपने पति और पिता के साथ तेल अवीव स्थित नेपाली दूतावास में वीजा के लिए अर्जी दी थी।
मदाह का जन्म सीरीया और इजरायल की सीमा पर विवादित गोलन पहाड़ियों के एक गांव में हुआ था। 1990 में कई लोगों ने मदाह के समक्ष इजरायल की नागरिकता लेने का प्रस्ताव रखा था लेकिन मदाह सीरियाई कहलाना पसंद करती थीं। 18 वर्ष की आयु में वह कला अध्ययन के लिए दमिश्क चली गई थीं। वह वहां आठ साल तक रहीं और फिर गोलन पहाड़ियों में लौट आईं। पर बाद में उन्होंने रामल्ला में रहने का फैसला किया।
गोलन पहाड़ियों के विवादित होने की वजह से यह कलाकार प्रतिभा के बावजूद किसी देश भी देश की नागरिकता नहीं पा सकी हैं। उनके पास सीरियाई पासपोर्ट नहीं है और उनके यात्रा दस्तावेजों में राष्ट्रीयता के स्थान पर 'अपरिभाषित' लिखा हुआ है।
नेपाल में आयोजित इस कला महोत्सव में 30 देशों के कलाकार शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications