समझौता एक्सप्रेस विस्फोट के आरोपियों की तलाश तेज
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई और एटीएस-राजस्थान के हाथ कई ऐसी जानकारियां लगी हैं जिनके आधार पर मालवा क्षेत्र के कुछ लोगों के समझौता एक्सप्रेस और अजमेर शरीफ में हुए विस्फोटों में शामिल होने की आशंका है। इसी आधार पर यह दल कई लोगों से पूछताछ कर चुका है तथा कई अन्य से पूछताछ हो सकती है।
जानकारी के अनुसार अब तक इंदौर और नजदीकी कस्बे महू के अलावा शाजापुर के कुछ संदिग्धों से सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। इस पूछताछ में जांच दल को क्या जानकारी हासिल हुई है, इसका खुलासा नहीं किया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक एस. के. राउत ने भी इस बात की पुष्टि की है कि जांच एजेंसियों का दल मध्य प्रदेश में है और वह संदिग्धों से पूछताछ कर रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इन जांच एजेंसियों ने किसी को हिरासत में नहीं लिया है। जांच एजेंसियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि अगर वे किसी को हिरासत में लेकर कार्रवाई करेंगीं तो उन्हें अवगत कराएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications