मथुरा में 2 रेलगाड़ियों की टक्कर, 13 मरे (लीड-2)
रेल मंत्रालय में जनसंपर्क विभाग के निदेशक अनिल सक्सेना ने नई दिल्ली में आईएएनएस को बताया, "इस हादसे में 13 लोग मारे गए हैं और 20 घायल हुए हैं। घायलों को मथुरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।" अपुष्ट खबरों में हादसे में मरने वालों की संख्या 14 बताई जा रही है।
उधर, उत्तर-मध्य रेलवे के मंडलीय प्रबंधक (आगरा जोन) आर. एम. त्रिपाठी ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया, "गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चालक ने सिग्नल तोड़ा है। उसने ऐसा क्यों किया,यह जांच के बाद ही पता चलेगा।" उन्होंने कहा कि मेवाड़ एक्सप्रेस की क्षतिग्रस्त बोगियों को काटकर इस रेलगाड़ी को यहां से दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार तड़के करीब 4.50 बजे की है, जब दिल्ली जा रही मेवाड़ एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर बाजना पुल के पास गोवा संपर्क क्रांति ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवा एक्सप्रेस का इंजन मेवाड़ एक्सप्रेस की पीछे के डिब्बे में घुस गया। अभी लगभग 50 लोगों के डिब्बे के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश बाजपेई ने संवाददाताओं से कहा कि हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राहत व बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। सेना की मदद से क्षतिग्रस्त बोगियों में फंसे लोग को निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही हादसे की वजह का पता चलेगा।
इस दुर्घटना की वजह से ताज एक्सप्रेस (2129), इंदौर अमृतसर(9325) और कर्नाटक एक्सप्रेस (2627) सहित कई रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। दिल्ली की ओर आने वाली गाड़ियों को टुंडला के रास्ते भेजा जा रहा है।
रेलवे प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यह नंबर मथुरा में( 0565-2402008), पुरानी दिल्ली (011-26967332) और नई दिल्ली में(011-23740020 )हैं। इनके जरिए इस हादसे से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है।
गौरतलब है कि गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस वास्कोडिगामा (गोवा) से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक जाती है, जबकि मेवाड़ एक्सप्रेस उदयपुर से हजरत निजामुद्दीन तक जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications