मथुरा में दो रेलगाड़ियों की टक्कर में 22 मरे (राउंडअप)

रेल मंत्री ममता बनर्जी रेल दुर्घटना का जायजा लेने के लिए बुधवार की रात मथुरा पहुंच रही हैं। रेलवे प्रवक्ता ने यहां कहा, "ममता बनर्जी घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए बुधवार की रात कोलकाता से मथुरा पहुंच रही हैं।"

तड़के करीब पांच बजे हुए इस हादसे में 22 यात्री घायल हो गए, जिसमें से करीब 10 की हालत अन्य गंभीर बनी हुई है। घायलों का जिला अस्पताल व माहेश्वरी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रथम बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई जिसमें से एक की शिनाख्त प्रिया (13) फरीदाबाद के तौर पर हुई है। अन्य की शिनाख्त कराई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जा रही मेवाड़ एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर बाजना पुल के पास गोवा संपर्क क्रांति ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवा एक्सप्रेस का इंजन मेवाड़ एक्सप्रेस की पीछे के डिब्बे में घुस गया।

उत्तर-मध्य रेलवे के मंडलीय प्रबंधक (आगरा जोन) आर. एम. त्रिपाठी ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया, गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चालक ने सिग्नल तोड़ा है। उसने ऐसा क्यों किया, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक गोवा एक्सप्रेस के चालक से पूछताछ कर उसके बयान लिए गए हैं।

उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश वाजपेयी ने संवाददाताओं से कहा जांच के बाद ही हादसे की वजह का पता चलेगा। हादसे के कारण सुबह ताज एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस और श्रीधाम सहित कई रेलगाड़ियों का रास्ता बदला गया और कई रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक राहत व बचाव कार्य पूरा होने के बाद देर शाम अप और डाउन रेलमार्ग को बहाल कर दिया गया है।

इसी बीच रेल मंत्री ममता बनर्जी ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के करीबी रिश्तेदारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

ममता ने कोलकाता में कहा, "मैंने इस घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने का आदेश दिया है। समिति जांच करने के बाद रिपोर्ट मुझे सौंपेगी। हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के परिजनों को 500,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।"

रेलवे प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यह नंबर मथुरा में ( 0565-2402008), पुरानी दिल्ली (011-26967332) और नई दिल्ली में (011-23740020 )हैं। इनके जरिए इस हादसे से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है।

गौरतलब है कि गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस वास्कोडिगामा (गोवा) से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक जाती है, जबकि मेवाड़ एक्सप्रेस उदयपुर से हजरत निजामुद्दीन तक जाती है।

रेलवे प्रवक्ता ने कहा, "बुधवार को अपराह्न् में रेल राज्य मंत्री ई.अहमद अपना निजी दौरा स्थगित कर कोझीकोड से सीधे मथुरा पहुंचे थे और उन्होंने घायल यात्रियों से मुलाकात की थी।"

घायलों को मथुरा के माहेश्वरी अस्पताल, सैन्य अस्पताल, मेथोडिस्ट अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुछ घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है तो कुछ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्राउमा केंद्र में भर्ती कराया गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+