कांग्रेस और राकांपा का महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के बंटवारे से इंकार
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन से जब कुछ राकांपा नेताओं की उस मांग के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने राकांपा को भी मुख्यमंत्री पद दिए जाने की बात कही है, तो इस पर नटराजन ने कहा, "राकांपा हमारे गठबंधन में साझेदार है।"
लेकिन नटराजन ने दावा किया कि कांग्रेस राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि गुरुवार को चुनाव परिणाम आ जाने के बाद सारे मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे।
इस बीच राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि वह इस बात की कतई उम्मीद नहीं रखते कि उनकी पार्टी को मुख्यमंत्री पद मिल रहा है, क्योंकि कांग्रेस उनकी पार्टी से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाली है।
पवार ने कहा कि राकांपा ने मात्र 112 सीटों पर चुनाव लड़ा है। ऐसे में कांग्रेस निश्चित रूप से अधिक सीटें जीतेगी, क्योंकि उसने 170 सीटों पर चुनाव लड़ा है।
ज्ञात हो कि राकांपा नेता छगन भुजबल ने राज्य में मुख्यमंत्री पद को दोनों पार्टियों को बारी-बारी से दिए जाने का विचार जाहिर किया था।
भुजबल ने मुंबई में कहा था कि यदि कांग्रेस-राकांपा गठबंधन सत्ता में वापस लौटता है तो दोनों पार्टियों को ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री का पद दिया जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications