मेवाड़ एक्सप्रेस को गोवा एक्सप्रेस ने मारी टक्कर, 10 मरे (लीड-1)
अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार तड़के करीब 4.50 बजे की है, जब दिल्ली जा रही मेवाड़ एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर बाजना पुल के पास गोवा संपर्क क्रांति ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवा एक्सप्रेस का इंजन मेवाड़ एक्सप्रेस की पीछे के डिब्बे में घुस गया। अभी लगभग 50 लोगों के डिब्बे के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। अपुष्ट खबरों में कहा जा रहा है कि हादसे में लगभग 12 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि अभी तक रेलवे प्रशासन की तरफ से मरने वालों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक डिब्बे काटकर फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है। घायलों को मथुरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश बाजपेई ने संवाददाताओं से कहा कि करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मौके पर राहत व बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही हादसे की वजह का पता चलेगा।
उधर, दुर्घटना की वजह से ताज एक्सप्रेस (2129) और कर्नाटक एक्सप्रेस (2627) सहित कई रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications