अफगान चुनाव: ओबामा ने करजई के कदम का स्वागत किया
वाशिंगटन, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफगानिस्तान में दोबारा मतदान के लिए राष्ट्रपति हामिद की सहमति का स्वागत किया है।
इससे पहले अगस्त में हुए राष्ट्रपति पद के चुनावों में कथित धांधली की जांच के दौरान मतपत्रों के एक हिस्से को अवैध ठहराए जाने के बाद राष्ट्रपति हामिद करजई मंगलवार को दूसरे दौर के मतदान के लिए राजी हो गए थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ओबामा ने करजई की घोषणा को महत्वपूर्ण कदम करार दिया और कहा कि इससे अफगानिस्तान में चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
दूसरे दौर के मतदान में अब्दुल्ला अब्दुल्ला एक बार फिर करजई के सामने होंगे। अब्दुल्ला 20 अगस्त को हुए पहले दौर के मतदान में करजई के मुख्य प्रतिद्वंद्वी थे। उल्लेखनीय है कि वह करजई की सरकार में विदेश मंत्री भी रह चुके हैं।
इसी वर्ष 20 अगस्त को हुए मतदान के शुरुआती नतीजों में करजई को 54 फीसदी मत मिलने की बात कही गई थी। चुनाव में धांधली की जांच कर रहे संयुक्त राष्ट्र समर्थित चुनाव शिकायत आयोग ने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट जारी कर दी। इसमें करजई को मिले मत घटकर जरूरी बहुमत से भी कम हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications