मनमोहन शुक्रवार को थाइलैंड के लिए रवाना होंगे
प्रधानमंत्री अपनी इस तीनदिवसीय यात्रा के दौरान दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के समूह (आसियान) और आसियान में शामिल 10 देशों सहित 16 देशों के पूर्वी एशिया समूह के एक सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
प्रधानमंत्री शनिवार को बैंकाक से 200 किलोमीटर दूर समुद्री तट पर बसे 'हुआ हिन' रेसोर्ट में सातवें आसियान सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) एन. रवि ने प्रधानमंत्री की रवानगी से पहले संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भारत और आसियान देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत होगी।"
उल्लेखनीय है कि आसियान में इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, लाओस, कंबोडिया, वियतनाम, म्यांमार और ब्रुनेई शामिल हैं।
प्रधानमंत्री 16 देशों के पूर्वी एशिया चौथे सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस अनौपचारिक समूह में आसियान के 10 देशों के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, भारत, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल है।
इस सम्मेलन से इतर मनमोहन सिंह की चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ से द्विपक्षीय वार्ता संभावित है। हाल के दिनों में दोनों देशों के संबंधों में आई कड़वाहट के मद्देनजर सभी की निगाहें इस संभावित मुलाकात पर टिकी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications