अहमदाबाद विस्फोट के आरोपी सहित सिमी के 5 कार्यकर्ता गिरफ्तार (लीड-2)
इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक संजय राणा और एटीएस के प्रमुख तथा उपमहानिरीक्षक पवन श्रीवास्तव ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में इन सिमी कार्यकर्ताओं के पकड़े जाने का खुलासा किया। यह गिरफ्तारी इंदौर के खजराना इलाके से मंगलवार की रात को हुई है। इनके पास से पुलिस ने आपत्तिजनक दस्तावेज, टेप रिकार्डर, सीडी, नकदी आदि बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 'आपरेशन लक्ष्य' के तहत इन पांचों की गिरफ्तारी की गई है। पकड़े गए पांच में से दो मुहम्मद शफी तथा यूनुस अहमदाबाद विस्फोट के आरोपी हैं जो उज्जैन के निवासी हैं। शेष तीन आरोपी शेख साजिद, फिरोज एवं अरशद खंडवा के निवासी हैं। आरोपियों के पास से न तो विस्फोटक मिला है और न ही हथियार।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन पांचों से ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनसे इनके सिमी से जुड़े होने की पुष्टि होती है। श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि ये सभी पांचों आपस में सिमी के संबंध में बात किया करते थे और उनके पास से इससे संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
श्रीवास्तव के मुताबिक पांचों आरोपी खजराना इलाके में अलग-अलग रहते थे मगर पुलिस ने इन सभी को मंगलवार की रात एक साथ गिरफ्तार किया है। मुहम्मद शफी तथा यूनुस अहमदाबाद विस्फोट में वांटेड हैं। उन्हें उम्मीद है कि इन आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications