मथुरा में रेलगाड़ियों की टक्कर में 23 मरे (लीड-3)

आगरा/नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मथुरा में दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर बुधवार तड़के मेवाड़ एक्सप्रेस को गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 23 यात्रियों के मारे जाने की खबर है। हादसे के घंटों बाद भी कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं।

तड़के करीब पांच बजे हुए इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जा रही मेवाड़ एक्सप्रेस को मथुरा स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर बाजना पुल के पास गोवा संपर्क क्रांति ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गोवा एक्सप्रेस का इंजन मेवाड़ एक्सप्रेस की पीछे के डिब्बे में घुस गया।

वरिष्ठ डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर ने बताया, "हादसे में 23 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। घायलों में कुछ की हालत नाजुक और अस्थिर बनी हुई है। हताहतों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। राहत कार्य जारी है और शवों को डिब्बे से निकाला जा रहा है।"

मेवाड़ एक्सप्रेस को वृंदावन के करीब रोक लिया गया है और यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए कुछ बसों का भी प्रबंध किया गया है।

डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र ढिल्लो ने यहां आईएएनएस को बताया कि काम तेजी से निपटाया जा रहा है और हालात कुछ ही घंटों में सामान्य हो जाएंगे।

हादसे की वजह से यह रेलमार्ग प्रभावित हुआ है। कई रेलगाड़ियों का रास्ता बदल दिया गया है और आगरा से हजरत निजामुद्दीन आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द कर दी गई है। दिल्ली से आने वाली ताज एक्सप्रेस और शताब्दी रेलगाड़ियों में भी विलंब हो सकता है।

उधर, उत्तर-मध्य रेलवे के मंडलीय प्रबंधक (आगरा जोन) आर. एम. त्रिपाठी ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया, "गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चालक ने सिग्नल तोड़ा है। उसने ऐसा क्यों किया, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।"

उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश बाजपेई ने संवाददाताओं से कहा कि राहत व बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। सेना की मदद से क्षतिग्रस्त बोगियों में फंसे लोगों को निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही हादसे की वजह का पता चलेगा।

रेल मंत्री ममता बनर्जी ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिये हैं और मृतकों के करीबी रिश्तेदारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

रेलवे प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यह नंबर मथुरा में ( 0565-2402008), पुरानी दिल्ली (011-26967332) और नई दिल्ली में (011-23740020 )हैं। इनके जरिए इस हादसे से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है।

गौरतलब है कि गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस वास्कोडिगामा (गोवा) से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन तक जाती है, जबकि मेवाड़ एक्सप्रेस उदयपुर से हजरत निजामुद्दीन तक जाती है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+