अमेरिका और ब्रिटेन ने की जयराम रमेश की प्रशंसा
लंदन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। जलवायु परिवर्तन पर भारत की घोषित नीति में व्यापक बदलाव करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखने वाले पर्यावरण एवं वन मंत्री जयराम रमेश की अमेरिका और ब्रिटेन ने प्रशंसा की है। इन देशों के राजनयिकों ने रमेश को 'डील मेकर' बताया है।
जलवायु परिवर्तन पर मेजर इकोनॉमिक फोरम की सोमवार को समाप्त बैठक के बाद अमेरिकी और ब्रिटिश राजनयिकों ने पत्रकारों से बातचीत में रमेशन और प्रधानमंत्री के जलवायु परिवर्तन पर विशेष दूत श्याम सरन की सराहना करते हुए यह बात कही।
भारत में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रमेश की आलोचना की है।
लंदन में जलवायु परिवर्तन पर विशेष अमेरिकी दूत टोड स्टर्न ने कहा, "मैं उस पत्र पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता जिसे मैंने नहीं देखा है।"
उन्होंने कहा, "लेकिन पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश और श्याम सरन के साथ बातचीत काफी सकारात्मक रही।"
उन्होंने कहा, "आगे बढ़ने के लिए अब भी कुछ रास्ते हैं लेकिन मैं सोचता हूं कि भारत सरकार ज्यादा रचनात्मक होने की कोशिश कर रही है। भारत महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है।"
ब्रिटेन के जलवायु परिवर्तन मंत्री एड मिलिबैंड ने भी रमेश के पत्र पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए विकसित देशों के साथ एक समझौते को मूर्त देने के लिए अपने रुख में लचीलापन लाने के लिए रमेश व सरन की सराहना की।
उन्होंने कहा, "हम भारत में जो कुछ देख रहे हैं उससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि एक समझौता या एक सौदा भारत के हित में है और भारत को रमेश के विचारों पर ध्यान देने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "मैं सोचता हूं कि यह बहुत सराहनीय है और भारत डील मेकर (समझौता कराने वाल) बनना चाहता है न कि डील ब्रेकर (समझौता तोड़ने वाला)।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications