न्यूजीलैंड में बनेगा ताजमहल का प्रतिरूप
ऑकलैंड के 'न्यू नॉर्थ रोड' के 'महात्मा गांधी केंद्र' में प्रेम के प्रतीक ताजमहल के छोटे प्रतिरूप के निर्माण की योजना बनाई गई है।
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मंगलवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक केंद्र के अध्यक्ष कानू पटेल का कहना है, "हम यहां ऐसा कुछ बनाना चाहते हैं जो भारत की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और महिमा का प्रतीक हो और यहां रहने वाला भारतीय समुदाय जिस पर गर्व कर सके।"
प्रति रूप में संगमरमर का मकबरा, एक तालाब और सोना चढ़े हुए आभूषण शामिल होंगे।
एक हेक्टेयर क्षेत्र में महात्मा गांधी केंद्र 60 लाख डॉलर की लागत से बना है। ऑकलैंड के भारतीय संघ ने 1990 में इसे फिंडले बेकरी से 19 लाख डॉलर में खरीदा था।
इस निर्माण के लिए केंद्र ने इसी महीने से कोष जमा करना शुरू कर दिया है।
पटेल कहते हैं, "नई इमारत से न केवल भारतीय समुदाय बल्कि ऑकलैंड शहर को भी फायदा होगा। ताजमहल का प्रतिरूप पर्यटकों को लुभाएगा इसलिए हमें स्थानीय सरकार और लोगों से मदद मिलने की उम्मीद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications