अमेरिकी वैज्ञानिक पर जासूसी का आरोप
वाशिंगटन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका में सोमवार को एक वैज्ञानिक को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उस पर एक सीक्रेट एजेंट को गोपनीय दस्तावेज बेचने की कोशिश करने का आरोप है। उक्त सीक्रेट एजेंट ने खुद को इजरायली जासूस बताते हुए उससे मुलाकात की थी। यह जानकारी अमेरिकी न्याय विभाग ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार स्टीवर्ट डेविड नोजेट नाम का यह वैज्ञानिक अमेरिका के रक्षा और ऊर्जा विभाग तथा अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (नासा) के लिए भी काम कर चुका है। 52 वर्षीय स्टीवर्ट को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर उसे उम्रकैद हो सकती है।
कोलंबिया के कार्यवाहक अमेरिकी एटार्नी केनिंग फिलिप्स ने कहा कि देश के गोपनीय दस्तावेजों को बेचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले में दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार पिछले महीने स्टीवर्ट से एक सीक्रेट एजेंट ने संपर्क किया था और कहा था कि वह इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद से संबद्ध है।
स्टीवर्ट दौलत के बदले में अमेरिकी उपग्रह प्रणाली से जुड़ी जानकारियां एजेंट के हवाले करने को राजी हो गया था। कुछ हफ्ते बाद उसने एक पोस्ट ऑफिस बॉक्स में डाल दी थी। यह बॉक्स वहां खुफिया अधिकारी ने ही रखवाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications